प्रकृति के प्रति आस्था, अच्छी फसल और भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक है करमा पर्व
साहिबगंज संवाददाता। साहिबगंज शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को प्रकृति के प्रति आस्था, अच्छी फसल और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक करमा पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर के बड़ा पंचगढ़, छोटा पंचगढ़, तुरी टोला, लोहड़ा सहित विभिन्न इलाकों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
करमा पर्व के अवसर पर बहनों ने करम वृक्ष की डाल को लाकर आंगन में स्थापित किया और कर्म देवता की विधिवत पूजा-अर्चना की। बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर उपवास रखा। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कर्म देवता की पूजा कर महिलाओं एवं युवतियों ने करमा गीत भी गाए।
अच्छी फसल और प्रकृति संरक्षण की कामना :
पूजा के दौरान लोगों ने अच्छी पैदावार, खेतों में हरियाली और प्रकृति की रक्षा की कामना की। नई फसल के स्वागत और बेहतर कृषि उपज की उम्मीद के साथ करमा पर्व मनाया गया। पर्व को लेकर विभिन्न मोहल्लों में पारंपरिक गीत-संगीत और पूजा-अर्चना का माहौल बना रहा।
3 अक्टूबर को झंडा मेला प्रांगण में होगा आयोजन:
वार्ड पार्षद चमरू उरांव ने बताया कि शहर के झंडा मेला प्रांगण में 3 अक्टूबर को करमा पर्व का विशेष आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। मौके पर जूही कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, परी कुमारी, राधिका कुमारी, नैना कुमारी, लक्ष्मी राय, सरस्वती कुमारी, बिंदिया कुमारी, आरूषी कुमारी, संध्या कुमारी, करिश्मा कुमारी, राहुल कुमार, हंस कुमार, प्रिया कुमारी, मिस जोशना, अनिता कुमारी, साक्षी कुमारी, सुशीला कुमारी, पूनम कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



