साहिबगंज। नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान का बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित लोगों से मिलने, उनकी समस्याएं सुनने और राहत सामग्री वितरित करने का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को उन्होंने सदर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित हाजीपुर पश्चिम, पासवान टोला एवं हाजीपुर पूरब का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित महिलाओं, पुरुषों, बच्चों एवं युवाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने लोगों को घटते जलस्तर के दौरान भी सावधानी बरतने की सलाह दी।
रामनाथ पासवान ने सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में नहीं पड़ने तथा तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की बीमारी होने पर सीधे स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल जाएं।
उन्होंने प्रभावित लोगों से बासी भोजन नहीं करने और पानी को उबालकर ठंडा करने के बाद पीने की सलाह दी, ताकि बीमारी से बचाव हो सके। साथ ही उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी तरह की समस्या होने पर उन्हें इसकी जानकारी दें, ताकि जरूरत के अनुसार मदद पहुंचाई जा सके।



