राजमहल/संवाददाता। शहर स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय परिसर में सोमवार को 36 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार कमरों के क्लासरूम का शिलान्यास विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने किया। निर्माण कार्य झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के माध्यम से कराया जाएगा।
शिलान्यास के बाद विधायक ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही ग्राउंड फ्लोर के बाहरी हिस्से में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए खिड़कियों में जाली लगाने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि जल्द ही विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित कर विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर पहल की जाएगी। विद्यालय की प्राचार्य रीमा पाठक ने मुख्य द्वार एवं चारदीवारी निर्माण की मांग रखी, जिस पर विधायक ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू जी, प्राचार्य रीमा पाठक, प्रबंधन समिति अध्यक्ष मनोज कुमार यादव, जितेंद्र यादव, रतन राय सहित अन्य मौजूद थे।



