गिरिडीह. चतरो आजीविका महिला संकुल संगठन स्वावलंबी सहयोग समिति लिमिटेड की चौथी वार्षिक आमसभा शनिवार को चतरो हटिया परिसर में हुई. कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्ष कांति देवी ने की. आमसभा में संगठन से जुड़ी करीब सात सौ महिला सदस्यों ने हिस्सा लिया. बैठक में संगठन के पिछले वित्तीय वर्ष की ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी और आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई.
आमसभा में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए आजीविका के नये अवसर उपलब्ध कराने, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गयी. सदस्यों ने संगठन के माध्यम से संचालित गतिविधियों को आगे बढ़ाने और अधिक महिलाओं को आजीविका के अवसरों से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श किया.महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर
वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उन्हें स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण और विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है. महिलाओं को अपनी आय के साधन विकसित करने के अवसर मिलने से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत किया जा सकता है.
बैठक में संगठन के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किये जा रहे प्रयासों को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई. आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात कही गयी.
बेहतर कार्य करने वाले कैडर सम्मानित
आमसभा के दौरान संगठन के बेहतर कार्य करने वाले कैडर को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष विमल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष धोकल दास, चतरो मुखिया अयोध्या हाजरा, बेड़ोडीह मुखिया लाला अशोक कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक, क्लस्टर के कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर वसंत कुमार और आइपीआर दिलीप कुमार मौजूद थे.
इसके अलावा संगठन से जुड़े सदस्य, विभिन्न स्तर के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी आमसभा में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और महिलाओं को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गयी.



