दरभंगा के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में तीन अज्ञात बदमाशों ने एक निजी बिजली मिस्त्री नरेश पासवान को गोली मारकर घायल कर दिया। यह घटना बाइक की चाबी छीनने का विरोध करने पर हुई।
दरभंगा। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के तुमौल नयानगर के कमला बांध चौक के समीप शनिवार की देर रात अपाचे बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक निजी बिजली मिस्त्री को गोली मार घायल कर दिया।
घायल युवक बाइक की चाबी छीने जाने का विरोध कर था। गोली युवक के दाएं पैर में घुटने के नीचे लगी और आर-पार हो गई। घायल तुमौल नयानगर निवासी रामाकांत पासवान के पुत्र नरेश पासवान (30) का उपचार डीएमसीएच के सर्जिकल केयर यूनिट में चल रहा है। उससे छिना गया मोबाइल घटनास्थल से करीब डेढ़ किलाेमीटर दूर मधुबन गांव में सड़क किनारे से क्षतिग्रस्त अवस्था में पुलिस को मिला है।
सर्जिकल केयर यूनिट में पिता रामाकांत पासवान और मां श्यामा देवी ने बताया कि नरेश शनिवार की देर रात गोढैल में गणेश पूजा मेला देखकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था।
नयानगर चौक के समीप पहुंचने के बाद बाइक रोककर मोबाइल फोन से घरवालों से बात करने लगा। इसी दौरान पीछे से अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे।
परिजनों के अनुसार, तीनों पहले आगे निकल गए और कुछ दूर जाने के बाद बाइक मोड़कर वापस नरेश के पास पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने आते ही नरेश से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद उनमें से एक ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। नरेश के विरोध करने पर बदमाशों में से एक ने गोली चला दी।
गोली दाएं पैर में घुटने के नीचे लगी और आर-पार हो गई। गोली चलने के बाद नरेश ने पीछे से मेला देखकर बाइक से आ रहे दो लोगों को देखकर बदमाशों से कहा कि उसके लोग आ रहे हैं।
इसके बाद तीनों बदमाश उसका मोबाइल लेकर नीले रंग की अपाचे बाइक से फरार हो गए। पीछे से पहुंचे बाइक सवार घटना की जानकारी स्थानीय लोगों और दुकानदारों को दी, जिन्होंने नरेश के स्वजन को सूचना दी।
स्वजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए घनश्यामपुर सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रविवार को उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया।
डीएमसीएच में सर्जिकल केयर यूनिट में उसका उपचार शुरू किया गया है। चिकित्सक के अनुसार, गोली के कुछ कण घायल के पैर में ही रह गए हैं। उपचार के दौरान इन कणों को निकाला जाएगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बदमाशों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है। घायल नरेश पासवान शादीशुदा है और बिजली मिस्त्री के साथ निजी चालक का भी काम करता है। इससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।



