हाथीदह गंगा रेल ब्रिज के कार्य के कारण 20 सितंबर से 3 अक्टूबर तक पटना-झाझा मेन रूट की लगभग 50 ट्रेनें शेखपुरा-बरबीघा-बिहारशरीफ रेलखंड से चलेंगी।
शेखपुरा। 20 सितंबर (रविवार) से शेखपुरा-बरबीघा-बिहारशरीफ रेलखंड पर कई यात्री ट्रेनों का परिचालन होगा। यह अस्थाई परिचालन अगले 3 अक्टूबर तक होगा।
इसके कारण पटना-झाझा मेन रूट की कई मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन बख्तियारपुर से बिहारशरीफ-बरबीघा-शेखपुरा-क्यूल के रास्ते किया जाएगा।
रेलवे के स्थानीय अधिकारी ने बताया हाथीदह में बने नए गंगा रेल ब्रिज को मेन लाइन से जोड़ने के लिए होने वाले आवश्यक कार्य के चलते कई रेलगाड़ियों को रूट डायवर्ट करके शेखपुरा-बरबीघा-बिहारशरीफ से चलाया जाएगा।
रेलवे की ओर से बताया गया कि इस अस्थायी व्यवस्था के तहत मेन लाइन की लगभग 50 ट्रेनें 20 सितंबर से 3 अक्टूबर तक शेखपुरा होकर चलेंगी। इसमें हावड़ा-नई दिली पूर्वा सुपरफास्ट ट्रेन भी शामिल है।
बताया गया कि अस्थायी रूप से चलने वाली इन रेलगाड़ियों का आधिकारिक ठहराव (स्टॉपेज) शेखपुरा जंक्शन पर नहीं दिया गया है, मगर कौशन के तहत इन ट्रेनों का ठहराव शेखपुरा जंक्शन पर होगा। इससे क्षेत्र के यात्रियों को इन ट्रेनों में उचित टिकट लेकर यात्रा करने की सुविधा भी मिलेगी।
रूट डायवर्ट के कारण इन ट्रेनों के परिचालन में कोई समस्या नहीं हो, इसको लेकर रेलवे ने आवश्यक तैयारी की है।
बताया गया कि पटना-क्यूल-झाझा मेन लाइन के साथ पटना-क्यूल-भागलपुर रूट की भी कई ट्रेनों का परिचालन शेखपुरा होकर किया जाएगा। हालांकि, रूट पर रेलगाड़ियों की संख्या अचानक बढ़ने से शेखपुरा की रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या भी बढ़ने का अनुमान है, जिससे सड़क परिवहन प्रभावित होगा।
पहले से मालगाड़ियों और गया-क्यूल रूट की नियमित ट्रेनों के परिचालन से लंबे समय तक शहर के पांचों रेलवे क्रॉसिंग के फाटक बंद रहते हैं।



