विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने दरभंगा के बेनीपुर में नलकूपों की बदहाल व्यवस्था पर अधिकारियों को फटकार लगाई और किसानों को सिंचाई के लिए परेशान न होने देने की चेतावनी दी।
बेनीपुर (दरभंगा)। नलकूपों की बदहाल व्यवस्था और विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जमकर सवाल उठे।
विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि किसानों को नलकूप के लिए परेशान नहीं होना पड़े, इसकी जिम्मेदारी विभाग की है।
शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे। सहायक अभियंता मीनाक्षी भारती ने विधायक को बताया कि बेनीपुर में 50 राजकीय नलकूप एवं 21 उद्वह सिंचाई योजनाएं स्थापित हैं। इनमें 10 राजकीय नलकूप विद्युत समस्या के कारण बंद हैं, जबकि चार नलकूपों में मरम्मत कार्य चल रहा है।
विभाग के अनुसार वर्तमान में 46 नलकूप किसानों के खेतों की सिंचाई में कार्यरत हैं। इनमें 36 राजकीय नलकूप और 10 उद्वह सिंचाई योजना के नलकूप शामिल हैं।
विद्युत समस्या से प्रभावित नलकूपों में लवानी, ब्रह्मपट्टी, सज्जनपुरा, मलौल, माधोपुर, बेनीपुर, डखराम, महिनाम सहित अन्य स्थानों के नलकूप बताए गए।
हालांकि, बैठक में मौजूद विद्युत विभाग के सहायक अभियंता मोनेलाल ने इस आंकड़े पर प्रतिवाद करते हुए कहा कि 10 में से छह नलकूपों में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह बहाल है।
शेष नलकूपों की समस्या भी 25 सितंबर से पहले दूर कर ली जाएगी। विधायक ने किसानों की सिंचाई सुविधा को मजबूत करने के लिए जीवछ नदी में नारबांध और महिनाम में चेक डैम निर्माण की दिशा में तत्काल पहल करने का निर्देश दिया।
उन्होंने दोनों योजनाओं के लिए स्थल निरीक्षण कर डीपीआर तैयार कराने को कहा। साथ ही बड़े स्तर पर खराब पड़े राजकीय नलकूपों एवं उद्वह सिंचाई योजनाओं के नलकूपों की सूची भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि कागज पर योजनाओं की संख्या बताने से किसानों की समस्या दूर नहीं होगी। जो नलकूप खराब हैं, उन्हें ठीक कराकर खेतों तक पानी पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कनीय अभियंता अंकित कुमार को कड़ी हिदायत देते हुए विधायक ने कहा कि किसान यदि मेरे पास शिकायत करेंगे तो फिर आप मुश्किल में फंसेंगे।
बैठक में एसडीओ मनीष कुमार झा ने सहायक और कनीय अभियंता को कार्यालय में नियमित रूप से मौजूद नहीं रहने के कारण स्पष्ट करने का निर्देश दिया।
बेनीपुर में रहकर किसानों की समस्याओं के समाधान की हिदायत देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में बीस सूत्री उपाध्यक्ष रजनीश सुंदरम, रामकुमार झा, विष्णुदेव पासवान, प्रेम कुमार झा, अभय कुमार मुन्ना एवं शिवम कुमारआदि मौजूद थे।



