भाषण-विवाद प्रतियोगिता के बाद हुआ पौधारोपण अभियान
साहिबगंज। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर नमामि गंगे एवं जिला गंगा समिति, साहिबगंज के तत्वावधान में पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, नगर पालिका कन्या में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छ वायु, स्वच्छ नदियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वच्छ वायु, गंगा समेत अन्य नदियों के संरक्षण और पर्यावरणीय चुनौतियों पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व तथा इसके संरक्षण में उनकी भूमिका की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्हें पर्यावरण संरक्षण को केवल जागरूकता तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने, हरित क्षेत्र बढ़ाने और नदियों को स्वच्छ रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।



