UP Shooter Sagar Singh Encounter: धनबाद पुलिस ने निरसा में एक मुठभेड़ के दौरान शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू को गिरफ्तार किया, जिसमें उसके दोनों पैरों में चार गोलियां लगीं।
धनबाद। Dhanbad Police Encounter निशाना साधने में धनबाद पुलिस का जवाब नहीं है। बुधवार को धनबाद पुलिस ने निरसा में यूपी के सुल्तानपुर के बदमाश सागर सिंह उर्फ शिबू के साथ मुठभेड़ में निशाना साधकर पांच गोलियां चलाईं। पांच में से चार गोलियां शिबू के पैर में आर-पार हो गईं।
एक्स-रे में चार गोली लगने की पुष्टि
दाहिने पैर में दो गोलियां और बाएं पैर में दो गोलियां लगी हैं। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH Dhanbad) की इमरजेंसी में आने के बाद डॉक्टरों की टीम ने सागर का इलाज शुरू किया।

एक्स-रे जांच में पाया गया कि गोलियां आर-पार हो गई हैं। ऐसी स्थिति में ऑपरेशन करने की आवश्यकता नहीं है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में शूटर सागर सिंह का इलाज सर्जिकल आईसीयू में चल रहा है।
डॉक्टरों ने बताया कि मरीज की स्थिति पर अभी 72 घंटे तक निगरानी रखी जा सकती है। हालांकि, वह खतरे से बाहर है। शूटर के गंभीर अवस्था में अस्पताल आने के बाद डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया।
एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी पहुंचे अस्पताल
घटना के बाद एसएसपी प्रभात कुमार अस्पताल के इमरजेंसी विभाग पहुंचे। उन्होंने सागर सिंह को मिल रहे इलाज की जानकारी ली। स्थानीय पुलिस जख्मी से बातचीत कर आगे की जानकारी ले रही है। एसएसपी ने बताया कि लगभग पांच अपराधी धनबाद में कोई बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए आए हैं।
मंगलवार को ही इसकी सूचना पुलिस को मिल गई थी। इसके बाद पुलिस पदाधिकारियों की एक कमेटी बनाई गई। कमेटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सघन अभियान शुरू कर दिया। इसी का परिणाम है कि एक शूटर सागर सिंह पकड़ा गया है।



