एक्सल बेयरिंग में असामान्य गर्मी और ब्रेक बाइंडिंग का समय रहते चलेगा पता
साहिबगंज। यात्री सुरक्षा को और मजबूत करने तथा ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन के लिए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर कुल 21 हॉट एक्सल बॉक्स डिटेक्टर (एचएबीडी) स्थापित किए गए हैं।
मालदा टाउन, बरहरवा, साहिबगंज, जमालपुर, भागलपुर, धुलियान गंगा, हंसडीहा, बाराहाट और गोड्डा सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर लगाए गए ये स्वचालित सुरक्षा उपकरण चलती ट्रेनों के एक्सल बेयरिंग के तापमान की निगरानी करते हैं।
एचएबीडी प्रणाली इन्फ्रारेड तकनीक से एक्सल बॉक्स को स्कैन कर असामान्य गर्मी का पता लगाती है। अत्यधिक तापमान मिलने पर रेलवे कर्मचारियों को तत्काल सूचना दी जाती है, जिसके बाद अगले जांच स्टेशन पर संबंधित कोच या पहिए की जांच की जाती है।
इससे ब्रेक बाइंडिंग, गर्म पहिए और हैंड ब्रेक के पूरी तरह रिलीज नहीं होने जैसी संभावित समस्याओं की समय रहते पहचान करने में मदद मिलती है। मालदा मंडल का कहना है कि एचएबीडी की स्थापना से ट्रेनों की निगरानी, निवारक रखरखाव और सुरक्षित परिचालन को और मजबूती मिलेगी।



