रेलवे के विभिन्न विभागों में आकर्षक पंडाल, टावर वैगन और शीश महल पंडाल बने आकर्षण का केंद्र
साहिबगंज। संवाददाता। शिल्पदेव भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना को लेकर साहिबगंज शहर सहित पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। गुरुवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों, कल-कारखानों और रेलवे के विभागों में भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा की जाएगी। श्रद्धालु दो दिनों तक पूजा पंडालों में दर्शन कर मेले का आनंद लेंगे।
शहर के सब्जी मंडी स्थित रेलवे के टीआरडी विभाग में इस बार आकर्षक पंडाल तैयार किया गया है। यहां टावर वैगन के माध्यम से रेलवे कर्मियों द्वारा विद्युतीकरण एवं मरम्मत कार्य करते हुए दृश्य को प्रदर्शित किया गया है। हाल ही में फरक्का स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक धंसने के बाद टीआरडी विभाग द्वारा किए गए तार मरम्मत कार्य को भी मॉडल के माध्यम से दर्शाया गया है। टावर वैगन के बीच भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

वहीं संयुक्त क्रू बुकिंग लॉबी में हाथी के मुंह के आकार का पंडाल और शीश महल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। कैरेज एंड वैगन विभाग में भी भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है।
स्टेशन परिसर सहित रेलवे विद्युत विभाग, टेलीफोन विभाग, डीएमयू मेंटेनेंस शेड, सिग्नल विभाग, आईओडब्ल्यू, पीडब्ल्यूआई, कल-कारखानों और क्रेशर प्लांट समेत विभिन्न स्थानों पर विश्वकर्मा पूजा का आयोजन होगा। पूजा के साथ कई स्थानों पर मेले भी लगाए जाएंगे। इन आयोजनों को देखने झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल से लोग पहुंचते हैं। पूजा में आदिवासी समुदाय के लोग भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं।



