पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने 22 जिलों में 56 लाख लोगों के प्रभावित होने का दावा करते हुए बाढ़ को ‘मैन मेड डिजास्टर’ बताया और स्थायी समाधान की मांग की।
पटना। पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने दावा किया कि राज्य के 22 जिलों के करीब 56 लाख लोग परेशानी झेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोसी, गंडक और गंगा के पानी के बीच बड़ी आबादी भोजन, पानी और जरूरी सुविधाओं के लिए जूझ रही है।
स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाया?
पप्पू यादव ने आगे कहा कि गंभीर स्थिति के बावजूद केंद्र सरकार की ओर से अपेक्षित मदद नहीं मिल रही। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार को बाढ़ मुक्त करने के पुराने बयान का जिक्र करते हुए पूछा कि अब तक स्थायी समाधान के लिए क्या ठोस काम हुआ।
पप्पू यादव ने दिया सीएजी रिपोर्ट का हवाला
उन्होंने सीएजी की परफॉर्मेंस ऑडिट रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 2007-12 के दौरान बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए उपलब्ध राशि में से 1,098.18 करोड़ रुपये सरेंडर किए गए।
उन्होंने बाढ़ को ‘मैन मेड डिजास्टर’ बताते हुए फरक्का बराज और नदी प्रबंधन पर सवाल उठाया। साथ ही कोसी पर हाई डैम बनाने की मांग की।



