भोजपुर के गड़हनी थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है।
आरा। भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र में बगवां-धमनिया मार्ग पर रविवार की देर रात एक महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
सोमवार की सुबह बगवां नहर के किनारे करीब 45 वर्षीय अज्ञात महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान बगवां गांव निवासी राम दुलार राम उर्फ प्रभास के रूप में हुई है। महिला की बाईं आंख की भौंह के ऊपर हल्का कटे का निशान और खून लगा हुआ पाया गया।
मारपीट कर मुंह दबाकर हत्या की बात सामने आ रही है। प्रभारी सदर एसडीपीओ वन रोशन कुमार ने बताया कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी और अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थी।
वह बगवां बाजार स्थित एक समोसा दुकान के पास रहती थी। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया गया।
इसमें रात करीब दस बजे एक संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ हाथापाई करता हुआ दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान राम दुलार राम के रूप में की।
इसके बाद थानाध्यक्ष कमलजीत ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या किए जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम
दूसरी ओर सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिन्हा के निर्देश पर चार सदस्यीय चिकित्सकों की टीम गठित कर महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान महिला का वैजाइनल स्वाब लिया गया। साथ ही जांच के लिए उसके अंतर्वस्त्र को भी सुरक्षित रखा गया है।



