घीशु टोला, मकई टोला समेत कई इलाकों का किया निरीक्षण, जरूरतमंद परिवारों को बांटी खाद्य सामग्री
साहिबगंज। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के साथ-साथ लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है।
इसी क्रम में अपर समाहर्ता विजय कुमार ने अंचलाधिकारी साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू एवं एनडीआरएफ दल के साथ विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। टीम ने घीशु टोला, मकई टोला सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी भी ली।
प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई गई राहत सामग्री :

निरीक्षण के दौरान जरूरतमंद एवं बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। राहत सामग्री मिलने से संकट की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता मिली। प्रशासनिक टीम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि आवश्यकता के अनुसार आगे भी हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश :
अपर समाहर्ता विजय कुमार ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री और जरूरी सेवाएं समय पर पहुंचनी चाहिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा जरूरतमंद लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
अपर समाहर्ता ने कहा कि बाढ़ की विषम परिस्थिति में जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ समय पर राहत पहुंचाना है। जिले में बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता के साथ जारी है।



