सहरसा के बासुदेवा गांव स्थित मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन खाने से दो दर्जन बच्चे बीमार पड़ गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सहरसा। जिला के बनगांव थाना क्षेत्र के बासुदेवा गांव स्थित मध्य विद्यालय बासुदेवा में शनिवार को मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) खाने से दो दर्जन बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
भोजन खाने के बाद जी मिचलाने व उल्टी एवं बेहोश होने की स्थिति उत्पन्न होने पर बच्चों को स्कूल प्राचार्य, शिक्षक एवं ग्रामीणों द्वारा आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कुछ बच्चों को बरियाही पीएचसी भेजा गया तो कुछ को सदर अस्पताल सहरसा भेजा गया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार बाद बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताया है। वहीं, घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के स्वजनों में आक्रोश व्याप्त है।
बच्चों के साथ सदर अस्पताल पहुंचे स्वजन ने बताया कि शनिवार को स्कूल में बच्चों को दिए गए मध्याह्न भोजन में एक बच्चे के थाली में छिपकली दिखा। इतने में हल्ला होने लगा। इस दौरान लगभग दो दर्जन बच्चों ने खाना खा लिया था। जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।

इसी दौरान कुछ बच्चों को बरियाही पीएचसी भेजा गया तो कुछ को सदर अस्पताल सहरसा भेजा गया। बीमार बच्चों में से 12 बच्चों को सदर अस्पताल सहरसा में भर्ती कराया गया।
सदर अस्पताल में भर्ती बच्चों में सत्संग कुमार, दिनकर कुमार, बल्लू कुमार (कक्षा पांच), अविनाश कुमार (कक्षा तीन), सोनू कुमार (कक्षा चार), सुमित कुमार (कक्षा पांच), बाबुल कुमार (कक्षा पांच), खुशी कुमारी (कक्षा दो), स्वाति कुमारी (कक्षा पांच), प्रेम कुमार (कक्षा तीन), अमृत कुमार (कक्षा पांच) समेत कुल 12 बच्चे थे।
घटना के बाद स्वजनों में आक्रोश है। सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन की टीम जांच में जुट गई है। वहीं बरियाही पीएचसी में भी एक दर्जन बच्चों को ग्रामीण एवं स्कूल प्राचार्य व शिक्षक द्वारा भेजा गया।
बच्चों का चल रहा इलाज
बरियाही में बच्चों का प्राथमिक इलाज किया गया। चिकित्सक ने बताया कि इलाज व जांच में कोई प्वाइजन नहीं मिला है। बच्चों से स्थिति पूछकर इलाज किया जा रहा है।
बरियाही स्कूल में पहुंचे स्कूल के शिक्षक अर्जुन तांती ने बताया कि एनजीओ से खाना पहुंचने के बाद उसे स्कूल के बर्तन में पलटा गया। स्कूल के रसोईया व अन्य शिक्षक उसे चखा और फिर छात्रों को दिया गया।
इसी दौरान एक छात्र के थाली में छिपकली दिखा। इतने में छात्रों द्वारा बीमार होने की बात बताई गई तो प्रशासन को सूचना देकर आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलने पर डीएम, एसपी व अन्य अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हालचाल लिया।



