साहिबगंज। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर शनिवार को साहिबगंज व्यवहार न्यायालय परिसर एवं राजमहल अनुमंडलीय न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसका ऑनलाइन उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने धनबाद से किया। उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दोनों न्यायालयों के लोक अदालत कक्ष में किया गया।
आपसी सहमति से मामलों का समाधान
उद्घाटन के बाद जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रथम गुलाम हैदर ने विभिन्न लोक अदालत पीठों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों का सरल, त्वरित और आपसी सहमति से समाधान होता है। इससे पक्षकारों को समय और खर्च दोनों की बचत होती है।
10 हजार से अधिक मामलों का हुआ निपटारा
राष्ट्रीय लोक अदालत में साहिबगंज न्यायमंडल एवं राजमहल अनुमंडलीय न्यायमंडल में कुल 10,098 मामलों का निष्पादन किया गया। इन मामलों से 8,06,79,837 रुपये की समझौता राशि प्राप्त हुई। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार, न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्तागण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंककर्मी, पारा विधिक स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में वादकारी उपस्थित रहे।



