18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके योग्य नागरिकों का नाम जोड़ने और त्रुटियों में सुधार पर दिया जोर
बरहेट/साहिबगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को बरहेट प्रखंड मुख्यालय परिसर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कैंप लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मतदाता पहचान पत्र में नाम, उम्र सहित अन्य त्रुटियों में सुधार कराने तथा नए मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने पहुंचे।
कैंप का निरीक्षण झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी एवं प्रखंड सचिव मुजीबुल रहमान ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बीडीओ अंशु कुमार पांडेय समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिविर में चल रहे कार्यों की जानकारी ली और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्रामीणों को फॉर्म भरने में किया सहयोग :
कई ग्रामीणों को आवेदन फॉर्म भरने और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी लेने में परेशानी हो रही थी। इस पर प्रमुख बर्नार्ड मरांडी एवं सचिव मुजीबुल रहमान ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और फॉर्म भरने में सहयोग किया।
प्रमुख ने कहा कि मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध एवं पारदर्शी बनाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए। उन्होंने बीएलओ एवं संबंधित कर्मियों से पात्र मतदाताओं को सूची से जोड़ने तथा त्रुटियों में सुधार के लिए गंभीरता से कार्य करने की अपील की।
मौके पर देव सोरेन, समदा सोरेन, चूनू मरांडी समेत अन्य मौजूद थे।



