युवाओं ने किया जोरदार स्वागत, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की उठाई मांग
बोरियो। भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान और भर्ती व्यवस्था में सुधार को लेकर 24 जिलों के दौरे पर निकले देवेंद्र नाथ महतो रविवार को बोरियो पहुंचे। आनंद विवाह भवन में स्थानीय छात्रों एवं युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भर्ती व्यवस्था में सुधार के समर्थन में नारे लगाए गए।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितता को समाप्त कर पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन के दबाव में 45 परीक्षाओं पर कार्रवाई हुई, जिसमें 22 परीक्षाएं रद्द की गईं और 17 मामलों में जांच चल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड में नौकरियां क्यों बिक रही हैं और पेपर लीक क्यों हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मूलवासी-आदिवासी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। निर्दोष छात्रों के खिलाफ कार्रवाई नहीं, बल्कि भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी है। यात्रा को युवाओं का लगातार समर्थन मिल रहा है।



