बरहेट। भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान और भर्ती व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर युवाओं के बीच जनजागरण करने के उद्देश्य से 24 जिलों के भ्रमण पर निकले जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो रविवार को बरहेट पहुंचे। यहां स्थानीय युवाओं और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
बरहेट पहुंचने के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने समर्थकों के साथ गांधी मैदान से तीनमोहानी चौक तक पैदल यात्रा की। इसके बाद वे समर्थकों के साथ वीर शहीद सिदो-कान्हू की जन्मभूमि भोगनाडीह पहुंचे, जहां उन्होंने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का मुख्य उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को रोकना तथा व्यवस्था में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि सभी भर्ती परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी तरीके से आयोजित हों, इसके लिए युवाओं और छात्रों के बीच जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन के दबाव के कारण छात्र हित में 45 परीक्षाओं पर कार्रवाई हुई, 22 परीक्षाएं रद्द की गईं, जबकि 17 अन्य मामलों की जांच चल रही है। उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि झारखंड में नौकरियां क्यों बिक रही हैं, पेपर लीक की घटनाएं क्यों हो रही हैं और मूलवासी छात्रों के हितों के साथ खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। यात्रा को छात्रों और युवाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है।



