बोरियो। संवाददाता। थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर शनिवार की रात हुई सड़क दुर्घटनाओं में कुल तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बोरियो तीनमुहानी मोड़ के समीप बाइक दुर्घटना में तीनपहाड़ निवासी मृत्युंजय कुमार एवं बरहेट के कुंडली निवासी दाऊद टुडू घायल हो गए। वहीं बोरियो-बोआरीजोर मुख्य सड़क पर चेकनाका के समीप शामपुर जेटके निवासी मंझला मरांडी (27) भी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस दुर्घटनाओं के कारणों की जानकारी जुटा रही है।



