दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 लैंडिंग के दौरान पक्षी से टकरा गई। सौभाग्य से, सभी 164 यात्री सुरक्षित रहे, लेकिन फ्लाइट में देरी हुई। यह पटना एयरपोर्ट पर एक सप्ताह में दूसरी ऐसी घटना है।
Plane Collided With Bird : दिल्ली से 164 यात्रियों को लेकर पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 सोमवार सुबह लैंडिंग के दौरान पक्षी से टकरा गयी. घटना के बाद पटना के जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट पर एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया गया और फायर एवं अन्य आपात सेवाओं को तैनात किया गया. हालांकि विमान ने सुबह 7.43 बजे सुरक्षित लैंडिंग की.
दाहिने इंजन के पास टकरायी पक्षी, कोई नुकसान नहीं
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, रनवे की ओर बढ़ते समय विमान के पायलट ने दाहिने इंजन के पास पक्षी के टकराने की आशंका जतायी थी. लैंडिंग के बाद विमान की जांच की गयी, जिसमें पक्षी के टकराने की पुष्टि हुई, लेकिन इंजन को किसी तरह का नुकसान नहीं मिला. जरूरी जांच पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली लौटने के लिए फिट घोषित कर दिया गया.
दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट 79 मिनट देर से उड़ी
AI 1741 के दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट AI 1852 में 160 यात्री सवार थे. यह विमान निर्धारित समय सुबह 8.45 बजे के बजाय 10.09 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ. इस वजह से उड़ान 79 मिनट विलंबित रही. इस फ्लाइट से दिल्ली जाने वाले राजद सांसद मनोज झा ने अपनी यात्रा दोपहर की एयर इंडिया फ्लाइट AI 2524 से करने का फैसला किया.
पटना एयरपोर्ट पर एक सप्ताह में दूसरी बार बर्ड हिट
पटना एयरपोर्ट पर एक सप्ताह के भीतर एयर इंडिया के विमान के साथ पक्षी टकराने की यह दूसरी घटना है. इससे पहले 17 अगस्त को दिल्ली-पटना एयर इंडिया की फ्लाइट से पक्षी टकराया था. उस घटना के बाद विमान को दो दिनों के लिए सेवा से हटाना पड़ा था. विमान की मरम्मत के लिए दिल्ली से मेंटेनेंस इंजीनियरों की टीम बुलायी गयी थी. जांच और मरम्मत के बाद डीजीसीए की अनुमति से विमान को दोबारा परिचालन के लिए मंजूरी मिली थी.
रनवे पर मिला 1.5 किलो का चमगादड़ का शव
एयरपोर्ट के आसपास बढ़ रही पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं की गतिविधियों को लेकर भी चिंता बढ़ी है. रविवार को उड़ान परिचालन शुरू होने से पहले नियमित निरीक्षण के दौरान रनवे पर करीब 1.5 किलो वजन के चमगादड़ का शव मिला था. अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले की शाम किसी विमान ने पक्षी से टकराने की सूचना नहीं दी थी.
बारिश के मौसम में बढ़ता है पक्षियों का खतरा
अधिकारियों के अनुसार, मानसून के दौरान रनवे के आसपास तेजी से घास बढ़ने के कारण पक्षियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं. घास की कटाई के दौरान जमीन से कीड़े-मकौड़े बाहर निकलते हैं, जिससे पक्षी आकर्षित होते हैं. इससे विमानों के लिए बर्ड हिट का खतरा बढ़ जाता है.
एयरपोर्ट पर चेयर्स की तैनाती
पक्षियों को रनवे और ऑपरेशनल क्षेत्र से दूर रखने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से चेजर्स की तैनाती की गयी है. ये कर्मी फायरक्रैकर्स और अन्य उपायों के जरिए पक्षियों को भगाते हैं. अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट के आसपास फुलवारीशरीफ क्षेत्र में मौजूद मांस की दुकानों से भी पक्षियों के आकर्षित होने का खतरा बना रहता है.
वन्यजीवों से खतरे को रोकने के लिए नियम
नागरिक उड्डयन की नियमावली के तहत एयरपोर्ट पर वाइल्डलाइफ हैजर्ड मैनेजमेंट प्लान लागू किया जाता है. इसके तहत पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं से विमान को होने वाले खतरे की पहचान कर उसे कम करने के उपाय किये जाते हैं. इसमें पक्षी भगाने वाले उपकरण, चूहे नियंत्रण, घास व कीट प्रबंधन, जैविक और रासायनिक नियंत्रण के साथ जागरूकता और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय जैसे उपाय शामिल हैं.
पटना एयरपोर्ट पर हाल के दिनों में बढ़ी पक्षी टकराने की घटनाओं को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने टिप्पणी करने से इनकार किया. एयरपोर्ट निदेशक चंद्र प्रताप द्विवेदी से भी इस संबंध में प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी.



