फायर सेफ्टी उपकरणों ने टाला बड़ा हादसा, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
साहिबगंज। शहर के प्रमुख होटल कलिंगा इंटरनेशनल के किचन में बुधवार को अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। किचन के एग्जॉस्ट फैन में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग भड़क उठी और होटल की बिल्डिंग से धुआं निकलता दिखाई देने लगा। धुआं देखकर आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।

एग्जॉस्ट फैन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
होटल प्रबंधन के अनुसार, किचन के एग्जॉस्ट फैन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। घटना के तुरंत बाद होटल में मौजूद कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल किया, जिससे आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया। होटल के मैनेजर रवि रमानी ने बताया कि समय पर सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना के एसआई मुरली मनोहर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस टीम ने होटल के किचन सहित आसपास के हिस्से का निरीक्षण किया। आग पूरी तरह बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस टीम वापस लौट गई।
इस घटना ने एक बार फिर होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक भवनों में फायर सेफ्टी व्यवस्था की अनिवार्यता को सामने ला दिया है। समय पर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों के कारण आग पर तत्काल काबू पाया जा सका और एक बड़ा हादसा टल गया।



