फरक्का पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान दो युवकों को दो देशी पिस्टल और गोलियों के साथ पकड़ा. दोनों बिहार के रहने वाले हैं. देखें पूरी खबर.
फरक्का: मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो देशी पिस्टल और दो गोलियों के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सोमवार की देर रात थाना क्षेत्र के न्यू फरक्का मोड़ स्थित 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाका चेकिंग के दौरान यह सफलता हासिल की.
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस ने रोका तो खुला राज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाका चेकिंग के दौरान पुलिस को दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर शक हुआ. इसके बाद पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की और उनकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके पास से दो देशी पिस्टल और दो गोलियां बरामद की गईं, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.
बिहार के पीरपैंती के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रभात रंजन कुमार (28) और मिठुन कुमार (29) के रूप में हुई है. दोनों आरोपी बिहार के पीरपैंती के निवासी बताए जा रहे हैं.
रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस
फरक्का थाना के आईसी अमित बनर्जी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों अभियुक्त मालदा से फरक्का होते हुए बिहार जाने वाले हैं. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने नाका चेकिंग अभियान चलाया था. मंगलवार को दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद गहन पूछताछ के लिए एक सप्ताह की पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी.



