तीनपहाड़। तीनपहाड़-बोरियो मुख्य पथ पर बेहरा मोड़ के समीप रविवार सुबह बालू लदा 18 चक्का हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में हाइवा चालक और सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों वाहन के अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर तीनपहाड़ थाना के एएसआई ललन रजवार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को तत्काल राजमहल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बेहरा मोड़ पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। बीते शनिवार को भी इसी स्थान पर कोलतार से लदा टैंकर पलट गया था। हादसे के बाद सड़क पर काफी दूर तक कोलतार फैल गया था। लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने से लोगों में चिंता है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।



