मौके पर पहुंची पुलिस,घायलों को भेजा अस्पताल,दो बाइक भी जब्त
उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के बरहरवा-उधवा मुख्य सड़क पर थाना के समीप शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो बरकत मोड़ तथा दो दरगाहडांगा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दरगाहडांगा के दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर बरहरवा की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं और चारों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद लोगों की भीड़ उमड़ गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना राधानगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सहायक अवर निरीक्षक मो. सरफुद्दीन खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाना ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



