तीनपहाड़। शनिवार को पूरे देश के साथ तीनपहाड़ एवं आसपास के क्षेत्रों में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी गई।
इसी क्रम में तीनपहाड़ थाना परिसर में नवनियुक्त थाना प्रभारी गौरव भगत ने राष्ट्रध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने के साथ क्षेत्र के विकास के लिए मिलजुलकर कार्य करने का आह्वान किया।
वहीं तीनपहाड़ हाई स्कूल, तीनपहाड़ मिडिल स्कूल, उर्दू विद्यालय तीनपहाड़, तीनपहाड़ पंचायत भवन, तेतुलिया पंचायत भवन सहित क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकता का संकल्प लिया।



