उपायुक्त और एसपी ने परेड का किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा
साहिबगंज। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को लेकर मुख्य समारोह स्थल सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में बुधवार को फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। उपायुक्त श्री दीपक कुमार दूबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से अंतिम पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत परेड का अभ्यास किया।
उपायुक्त एवं एसपी ने परेड की विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण कर सलामी ली और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। सार्जेंट मेजर एवं सार्जेंट के नेतृत्व में परेड टुकड़ियों ने अनुशासन एवं गरिमापूर्ण ढंग से मार्च-पास्ट का पूर्वाभ्यास किया।
सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

फुल ड्रेस रिहर्सल से पहले उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान का भी पूर्वाभ्यास किया गया। स्कूली छात्राओं ने ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रीय गीत तथा ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान की प्रस्तुति का अभ्यास किया।
सुरक्षा से लेकर मंच तक तैयारियों की समीक्षा

उपायुक्त ने समारोह को लेकर संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने अतिथियों एवं आम लोगों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, मंच, पंडाल समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य समारोह स्थल पर पंडाल सहित अन्य तैयारियां अंतिम चरण में हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण एवं परेड के बाद विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

ध्वजारोहण का समय: सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में सुबह 9:15 बजे, समाहरणालय में 10:35 बजे, विकास भवन में 10:55 बजे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 11:15 बजे, पुलिस लाइन कार्यालय में 11:25 बजे तथा अनुमंडल कार्यालय में 11:45 बजे ध्वजारोहण होगा। सभी सरकारी कार्यालयों एवं विद्यालयों में मुख्य समारोह से पूर्व ध्वजारोहण किया जाएगा।
रिहर्सल के दौरान जिले के वरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, जवान, एनसीसी कैडेट्स, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।




