मरीजों का हाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे आईटीडीए निदेशक, दवा-जांच से लेकर सफाई तक परखी व्यवस्था
साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास ने सदर अस्पताल, साहिबगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों को मिल रही चिकित्सा सेवाओं और अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, आपातकालीन सेवाओं, दवा वितरण केंद्र, जांच व्यवस्था समेत अन्य चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया।
वार्ड से लेकर ओपीडी तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा, चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता तथा आवश्यक संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों को दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, दवा, जांच एवं अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।
मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज देने का निर्देश

संजय कुमार दास ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रत्येक मरीज के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे आम जनता से जुड़ी हैं और सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मरीजों को आवश्यक दवा, जांच और इलाज की सुविधा सुचारू रूप से मिले, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सुधार की संभावनाओं को चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी पर जोर दिया गया।




