दौड़ें स्वास्थ्य के लिए, दौड़ें राष्ट्र के लिए, दौड़ें नए साहिबगंज के लिए।
साहिबगंज। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से देशभक्ति, युवा उत्साह, स्वस्थ जीवनशैली और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 अगस्त को सुबह 6 बजे भव्य क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया जाएगा। दौड़ का शुभारंभ साक्षरता चौक से होगा और प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से होते हुए समाहरणालय परिसर तक पहुंचेंगे। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं एवं प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के युवा, युवतियों, खेलप्रेमियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि यह दौड़ स्वस्थ समाज, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने की पहल है।




