साहिबगंज। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर साहिबगंज जिले में ‘जागृति योजना, 2025’ के तहत ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ अभियान चलाया जा रहा है। पूरे माह चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य युवाओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक कर उन्हें जिम्मेदार एवं सशक्त नागरिक बनाना है।
विद्यालयों से गांव तक पहुंच रहा जागरूकता अभियान
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार साहिबगंज अखिल कुमार ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सचिव विश्वनाथ भगत को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
साइबर ठगी, डीपफेक और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव पर जोर
कार्यक्रमों में युवाओं को मौलिक अधिकारों, किशोर न्याय व्यवस्था, कानून के उल्लंघन की स्थिति में किशोरों के अधिकार तथा पहली बार अपराध करने वाले युवाओं के पुनर्वास की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही साइबर अपराध, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित धोखाधड़ी, डीपफेक और ऑनलाइन वित्तीय ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए जा रहे हैं।
शैक्षणिक संस्थानों में रैगिंग विरोधी कानून के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने में पैरा लीगल वॉलंटियर्स (न्याय मित्र) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य युवाओं को केवल कानून की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त नागरिक बनाना है।




