उधवा। प्रभारी जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को उधवा-बरहरवा मुख्य मार्ग स्थित मोहनपुर रामपुर चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ चार पहिया वाहनों की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का चालान काटते हुए उनसे जुर्माना वसूला गया।वाहन जांच अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम एवं पुलिस बल ने सड़क से गुजरने वाले दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर आवश्यक कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की जांच की। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। इस संबंध में आईटी सहायक राज हंस ने बताया कि क्षेत्र में अब नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय अपने वाहन के सभी आवश्यक कागजात एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है और जान जोखिम में पड़ सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।अभियान के दौरान रोड इंजीनियर अनुज परासर, राधानगर थाना के एएसआई मनोज पासवान सहित अन्य पुलिस बल मौजूद रहे।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: जाति-आवास प्रमाण पत्र के हजारों आवेदन लंबित




