विधायक प्रतिनिधि व कांग्रेस जिला महासचिव ने सीओ से की मुलाकात:
उधवा। जाति और आवास प्रमाण पत्र के लिए उधवा अंचल कार्यालय में आवेदनों का अंबार लगा हुआ है। आवेदनों की संख्या कम होने के बजाय लंबित आवेदनों का बैकलॉग लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।लंबित आवेदनों और आम लोगों की परेशानी को देखते हुए सोमवार को राजमहल विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू एवं कांग्रेस जिला महासचिव ऐनुल हक अंसारी ने उधवा अंचलाधिकारी आशीष कुमार से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने अंचल कार्यालय में लंबित हजारों जाति एवं आवास प्रमाण पत्र के आवेदनों का मुद्दा उठाते हुए जल्द निष्पादन की मांग की। प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर आम मतदाताओं के बीच उत्पन्न हो रही चिंता और असमंजस पर भी अंचलाधिकारी से आवश्यक चर्चा की। दरअसल, उधवा प्रखड क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जिनके पास साक्षरता संबंधी प्रमाण या अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मांगे जाने वाले दस्तावेजों को लेकर कई मतदाताओं के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों के लिए जाति एवं आवास प्रमाण पत्र महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज हैं। लेकिन अंचल कार्यालय में इन प्रमाण पत्रों के हजारों आवेदन लंबित रहने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इसी समस्या को देखते हुए विधायक प्रतिनिधि एवं कांग्रेस जिला महासचिव ने मामले को गंभीरता से उठाया।वही अंचलाधिकारी आशीष कुमार ने आश्वस्त किया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जिन आवेदकों से दस्तावेज की मांग की जा रही है, वे जाति अथवा आवास प्रमाण पत्र के लिए किए गए आवेदन के साथ एसआईआर प्रपत्र/नोटिस की प्रति संलग्न करें।अंचलाधिकारी ने बताया कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए यथासंभव शीघ्र प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया की जाएगी। इधर, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू एवं कांग्रेस जिला महासचिव ऐनुल हक अंसारी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर किसी भी मतदाता को अनावश्यक रूप से चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को दस्तावेज से संबंधित परेशानी हो रही है, वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी समस्या रखें। उन्होंने अंचल प्रशासन से भी लंबित जाति एवं आवास प्रमाण पत्र के आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने की मांग की, ताकि आम लोगों को समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हो सकें और एसआईआर प्रक्रिया में उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: जेपीएससी-जेएसएससी मामले में भाजपाइयों का प्रदर्शन, उधवा में सड़क जाम




