एमडीएम संचालन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई:
बोरियो। संवाददाता। प्रखंड सभागार में मंगलवार को बीडीओ नागेश्वर साव की अध्यक्षता में सीआरपी, बीआरपी एवं बीपीओ के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) की स्थिति की समीक्षा की गई।
बीडीओ ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने एमडीएम संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक में एमडीएम में बच्चों की उपस्थिति, निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन, खाद्यान्न की उपलब्धता एवं भोजन की गुणवत्ता सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बीडीओ ने कहा कि बच्चों के पोषण और विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में मध्याह्न भोजन योजना की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बीपीओ राजेश्वरी प्रसाद सिन्हा, बीआरपी माखन लाल यादव, राजेश भगत, सीआरपी ईश्वर पंडित, धर्मेंद्र कुमार, चंदन कुमार, विश्वजीत गुप्ता सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: मध्याह्न भोजन योजना का संचालन हर हाल में जारी रखने का निर्देश




