जेपीएससी पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
बोरियो। संवाददाता। रांची में जेपीएससी परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बांझी बाजार में साहिबगंज-बोरियो मुख्य पथ जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष सलखू सोरेन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। भाजपा नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
सीबीआई जांच की मांग:
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भी नारे लगाए और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। सड़क जाम के कारण कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। प्रदर्शन में दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: बीडीओ ने सीआरपी, बीआरपी व बीपीओ के साथ की बैठक




