मरीजों और परिजनों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर
राजमहल। संवाददाता। राजमहल अनुमंडल अस्पताल के सभागार में मंगलवार को अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सह अस्पताल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सदानंद महतो ने की। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री रखरखाव, संचालन, प्रबंधन एवं मरम्मत मद से प्राप्त आवंटन के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर समिति के सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अस्पताल की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कुल 39 योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यकता के अनुरूप योजनाओं पर सहमति प्रदान की गई। इनमें अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सामग्री एवं उपकरण की उपलब्धता के साथ मरीजों और उनके परिजनों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया।
बैठक में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल की व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को इलाज के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की। मौके पर सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि सह नगर उपाध्यक्ष, नगर अध्यक्ष मोहम्मद मारूफ, केताबुद्दीन शेख, अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, प्रधान लेखापाल अमित कुमार, मनोज पासवान सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग का समर्थन




