आउटडोर स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह, संबंधित पदाधिकारियों को दिए कई निर्देश
राजमहल/प्रतिनिधि। आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को राजमहल अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सदानंद महतो की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
एसडीओ ने बताया कि इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आउटडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने जानकारी दी कि 15 अगस्त को सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक मुख्य मार्ग पर बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से होगी, जिसके बाद विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं मुख्य समारोह स्थल पर ध्वजारोहण किया जाएगा।बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी, भूमि सुधार उप समाहर्ता विमल सोरेन, विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, सीओ सह बीडीओ मोहम्मद यूसुफ, स्टेशन प्रबंधक दिलीप कुमार शाह, नगर पंचायत के कनीय अभियंता जितेश कुमार, अधिवक्ता सुधीर घोष, बीपीओ कुणाल किशोर, शिक्षक रतन राय, रीना कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




