राजमहल। संवाददाता। राज्य खाद्य आपूर्ति आयोग की प्रभारी अध्यक्ष शबनम प्रवीण बुधवार को राजमहल पहुंचीं। निरीक्षण भवन में विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों एवं झामुमो पदाधिकारियों ने उनका फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र की जन वितरण प्रणाली (पीडीएस), मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना एवं आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएम श्री मध्य विद्यालय नया बाजार, कन्या मध्य विद्यालय नीलकोठी, प्राथमिक विद्यालय हाटपाड़ा तथा नीलकोठी समेत शहर के दो आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। नया बाजार विद्यालय में गैस चूल्हे के बजाय लकड़ी के चूल्हे पर एमडीएम बनते और निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। वहीं नीलकोठी आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को नियमित रूप से अंडा नहीं दिए जाने सहित अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं।
प्रभारी अध्यक्ष ने कहा कि निरीक्षण की रिपोर्ट जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को भेजी जाएगी तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। निरीक्षण के बाद आयोग की टीम ने राजमहल गंगा तट एवं ऐतिहासिक स्थलों का भी भ्रमण किया। इस दौरान मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, अनिसुर रहमान, अनिता बसाक, उज्जवल हलदार, जोली राय, राजू सरकार, किशन बर्मन, मो. अयुब, अजय कुमार दास, गोपाल मंडल सहित अन्य उपस्थित रहे।




