बोरियो: प्रखंड क्षेत्र के आरके प्लस-2 उच्च विद्यालय में बुधवार को प्रखंड स्तरीय गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) तरुण कुमार घाटी ने की। गोष्ठी में प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक शामिल हुए।0
बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना, ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर ऑनलाइन उपस्थिति, विशेष नामांकन अभियान, यू-डायस प्लस (2026-27), छात्र एवं शिक्षक मॉड्यूल, एमडीएम की दैनिक एसएमएस रिपोर्टिंग, तिथि भोजन, प्रोजेक्ट रेल, प्रयास, एफएलएन प्लस तथा साइकिल वितरण की उपयोगिता सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
बीईईओ तरुण कुमार घाटी ने सभी शिक्षकों को समय पर विद्यालय संचालन, शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विभागीय निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागीय पोर्टलों पर समय पर डाटा अद्यतन करने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया। बैठक में शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।



