स्वास्थ्य उपकेंद्र मरचो में चोरी की वारदात, एएनएम ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
बोरियो। प्रखंड क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बोरियो अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य उपकेंद्र) मरचो में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने उपस्वास्थ्य केंद्र का दरवाजा और खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा केंद्र में रखा फ्रिज चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद उपस्वास्थ्य केंद्र की एएनएम सालिता कुमारी ने बोरियो थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने चोरी की घटना की जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य केंद्र में चोरी की इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों में चिंता व्याप्त है। लोगों ने स्वास्थ्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और चोरी में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।




