निष्पक्ष जांच, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग, राज्यपाल के नाम सौंपा आठ सूत्री ज्ञापन
साहिबगंज। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में मंगलवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के कार्यकर्ताओं ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन किया। धरना का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष अर्जुन महतो ने किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित आठ सूत्री मांगपत्र अनुमंडल प्रशासन को सौंपा।
ज्ञापन में जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा भविष्य की सभी भर्ती परीक्षाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित कराने की मांग की गई। सभा को संबोधित करते हुए अर्जुन महतो ने कहा कि लाखों युवा वर्षों की मेहनत से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठना युवाओं के विश्वास को कमजोर करता है। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में भोला महतो, मो. जावेद अख्तर, मोतीलाल सरकार, पूर्व विधायक थॉमस सोरेन, जयप्रकाश महतो, श्याम पासवान, संजय लाल साह, विष्णु कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।




