बरहरवा। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले दो आरोपियों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹53 हजार बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान एवं सिपाही सुजीत कुमार सिंह शुक्रवार तड़के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी विश्वभारती पैसेंजर ट्रेन में नियमित जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई दिए। जब आरपीएफ टीम ने उनसे पूछताछ करने का प्रयास किया तो दोनों ट्रेन से उतरकर भागने लगे। हालांकि, आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पाकुड़ जिले के रहने वाले चांद शेख (25) एवं इस्तेफाक शेख (30) के रूप में हुई।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल फोन रेलवे स्टेशन परिसर में सो रहे यात्रियों से चोरी किए गए थे। इनमें कुछ मोबाइल द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय से तथा कुछ टिकट काउंटर के समीप विश्राम कर रहे यात्रियों के पास से चोरी किए गए थे।आरपीएफ ने सभी बरामद मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा के सुपुर्द कर दिया।आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने सामान एवं मोबाइल फोन की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें, ताकि चोरी जैसी घटनाओं से बचा जा सके।




