पाकुड़। जिला मुख्यालय स्थित रवींद्र भवन में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे।प्रशिक्षण शिविर में लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू, झामुमो के केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।शिविर के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं त्रुटिरहित बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की जानकारी देते हुए इसकी महत्ता से अवगत कराया। साथ ही पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा सूची में मौजूद त्रुटियों को समय पर सुधारने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंच बनानी होगी। बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने का आग्रह किया गया।प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को निर्वाचन संबंधी नियमों, प्रक्रियाओं एवं SIR अभियान के दौरान किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि आगामी दिनों में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।




