संविधान दिवस पर मालदा रेल मंडल में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ. डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता की अगुवाई में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर उसके आदर्शों को अपनाने की शपथ ली।
मानिकचक. पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया. इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया. उन्होंने सभी को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को अपनाने तथा संवैधानिक आदर्शों का पालन करने की शपथ दिलायी.

संविधान के आदर्शों को बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी
मौके पर डीआरएम ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों का आधार है. इसकी गरिमा और आदर्शों को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
न्यू फरक्का सहित अन्य कार्यालयों में भी आयोजन
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक अमरेंद्र कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. वहीं, न्यू फरक्का सहित मालदा मंडल के अन्य इंजीनियरिंग कार्यालयों में भी संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए. यहां रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी.



