चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस, त्योहारों को देखते हुए चलाया गया विशेष जांच अभियान
बोरियो। दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को बोरियो बाजार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से बाजार के मिठाई और खाद्य सामग्री विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान टीम ने छह किलोग्राम बालूशाही और 10 बोतल एक्सपायरी थम्स अप कोल्ड ड्रिंक जब्त की।
मिठाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की हुई जांच :
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न नाश्ता एवं मिठाई दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, रखरखाव और एक्सपायरी तिथि की जांच की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमियां पाए जाने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कानूनी कार्रवाई :
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावट और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर फूड सेफ्टी ऑफिसर आशीष वर्मा, नौरंगदेव कुमार सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे।



