बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर बीएसएनएल टावर के समीप हादसा, आक्रोशित ग्रामीणों ने आधे घंटे तक किया सड़क जाम
बरहरवा/साहिबगंज। बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर बीएसएनएल टावर के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बरहरवा थाना क्षेत्र के बेलडांगा गांव निवासी जीवन रमानी (30 वर्ष), पिता पीतांबर रमानी के रूप में हुई है। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे उनके ममेरे भाई रूपचंद रमानी बाल-बाल बच गए।
तेज रफ्तार सीमेंट टैंकर ने बाइक को लिया चपेट में :
मिली जानकारी के अनुसार, जीवन रमानी अपने ममेरे भाई रूपचंद रमानी, पिता कपूरचंद रमानी के साथ मोटरसाइकिल संख्या जेएच 16 ई 4086 से बरहरवा से अपने गांव बेलडांगा लौट रहे थे। इसी दौरान बीएसएनएल टावर के समीप तेज रफ्तार सीमेंट टैंकर संख्या बीआर 10 जीसी 7561 की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसा इतना भीषण था कि जीवन रमानी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार रूपचंद रमानी टैंकर की विपरीत दिशा में गिरने के कारण बाल-बाल बच गए।

रूपचंद रमानी ने बताया कि दोनों हाईवा चलाने का काम करते हैं। उनकी गाड़ी खराब हो गई थी, जिसके कारण वे उसके सामान लाने के लिए बरहरवा आए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों बाइक से वापस बेलडांगा लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम :
घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना के एसआई पंकज सिंह, एएसआई वीरेंद्र यादव एवं जालंधर रजक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा।
बाद में पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को आवश्यक सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया। इस संबंध में थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।



