मतदाता सूची से संबंधित नोटिस एवं सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की नामवार सूची पढ़कर सुनाई गई
उधवा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर ) कार्य को लेकर बुधवार को उधवा प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ , सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए -2) एवं बीएलओ सुपरवाइजर की उपस्थिति में चुनाव पाठशाला की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की गई।

बैठक के दौरान प्रपत्र-2 में अंकित नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की नामवार सूची प्रकाशित कर उपस्थित सदस्यों एवं आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। इस दौरान संबंधित मतदाताओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के साथ सूची में संभावित त्रुटियों को लेकर चर्चा की गई। वहीं, सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए -2 एवं आम नागरिकों से मतदाताओं के संबंध में आवश्यक जानकारी, सुझाव एवं आपत्तियां भी प्राप्त की गईं। बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र अथवा विदेशी नागरिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो। बैठक के माध्यम से मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान बीएलओ व बीएलओ सुपरवाइजर, विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए 2 एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



