पोस्टर मेकिंग में मनीष, दीया सजावट में संजना, रंगोली में नंदिनी और गायन में चांद मुनि रहीं अव्वल; छठ पर आधारित नाटक ने मोहा मन
साहिबगंज। साहिबगंज महाविद्यालय के नंदन भवन में दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर मंगलवार को छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर मेकिंग, रंगोली, दीया सजावट, नृत्य और गायन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छठ पर्व पर आधारित नाट्य मंचन रहा।
मिट्टी के दीये और स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील :

कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से दीपावली पर मिट्टी के दीये जलाने और स्थानीय कारीगरों व व्यापारियों से सामान खरीदकर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह ने दीपावली एवं छठ की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
छठ पर नाट्य मंचन और लोकगीतों ने बांधा समां :
बीएड के छात्र रोहित कुमार शाह और उनकी टीम ने छठ पर्व की परंपराओं पर आधारित नाट्य मंचन किया। इसमें स्नेहा, प्रीति, प्रिया और नंदिनी ने भी भूमिका निभाई। वहीं चांद मुनि, संस्कृति कुमारी, वंदना कुमारी, राहुल कुमार दुबे और अंकिता शर्मा ने छठ गीतों की प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिताओं में पोस्टर मेकिंग में मनीष कुमार, दीया सजावट में संजना कुमारी, रंगोली में नंदिनी और गायन में चांद मुनि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।



