पूजा पंडालों में पुलिस और मजिस्ट्रेट की होगी तैनाती, ड्रोन से भी रखी जाएगी नजर, अफवाहों से बचें
साहिबगंज। धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व-त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नगर थाना और जिरवाबाड़ी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों, काली पूजा समितियों के सदस्यों और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।
नगर थाना क्षेत्र में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एसडीओ अमर जॉन आइंद ने की। वहीं जिरवाबाड़ी थाना में आयोजित बैठक में अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू, थाना प्रभारी शशि कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अमित गुप्ता सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूजा समितियों को सुरक्षा और विधि-व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीजे पर प्रतिबंध, पूजा समितियों को पहचान पत्र जारी करने का निर्देश :

बैठक में पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा हुई। पूजा समितियों को अपने सहयोगियों के लिए पहचान पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया। वहीं डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। सभी प्रमुख पूजा पंडालों में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से भी निगरानी रखी जाएगी।
निर्धारित रूट से ही निकलेगा विसर्जन जुलूस :
एसडीओ अमर जॉन आइंद ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन जुलूस निर्धारित रूट के अनुसार ही निकाला जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे। संवेदनशील स्थानों पर सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहार के दौरान शांति भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



