साहिबगंज के अमित कुमार पासवान को सारंडा में नक्सल विरोधी अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा.
साहिबगंज.साहिबगंज की धरती से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने नक्सल विरोधी अभियान में अपनी अहम भूमिका से जिले का मान बढ़ाया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से इस वर्ष दक्षता पदक के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों की सूची में साहिबगंज के अमित कुमार पासवान का नाम शामिल है. उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही जिले में खुशी की लहर है. मूल रूप से साहिबगंज जिला मुख्यालय के जयप्रकाश चौक स्थित गैस गोदाम क्षेत्र के रहने वाले अमित कुमार पासवान वर्तमान में पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर क्षेत्र में पुलिस सेवा दे रहे हैं. वह जराइकेला थाना प्रभारी के पद पर पदस्थापित हैं.
सारंडा में नक्सल विरोधी अभियान में निभायी अहम भूमिका
गृह मंत्रालय की ओर से जारी चयन सूची के अनुसार, अमित कुमार पासवान का चयन सारंडा क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ चलाये गये विशेष अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए किया गया है. इस अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया था. इसमें अहम योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को दक्षता पदक से सम्मानित किया जायेगा. इसी अभियान में अपनी भूमिका के कारण अमित कुमार पासवान को इस सम्मान के लिए चुना गया है.
बेटे की उपलब्धि पर मां को गर्व, जिले में खुशी
अमित कुमार पासवान के चयन की जानकारी मिलने के बाद साहिबगंज के लोगों में खुशी है. लोगों का कहना है कि जिले से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर सम्मान हासिल किया है. यह पूरे जिले के लिए गौरव की बात है. वहीं, अमित की मां भी बेटे की इस उपलब्धि से काफी गौरवान्वित हैं. उनकी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा को मिले सम्मान से परिवार में खुशी का माहौल है.
कई अन्य पुलिस अधिकारियों का भी हुआ चयन
उल्लेखनीय है कि दक्षता पदक के लिए मनोहरपुर के पुलिस निरीक्षक अमित रोशन कुल्लू, पूर्व डीएसपी जयदीप लकड़ा समेत कई अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों का भी चयन हुआ है. मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए. डोडराय ने दक्षता पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी है.



