साहिबगंज। जिले में पहली बार बैंडेड करैत सांप का रेस्क्यू किए जाने का मामला सामने आया है। सर्प विशेषज्ञ जितेंद्र हजारी ने डीसी आवास परिसर से इस सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि साहिबगंज में अब तक इस प्रजाति के सांप का रेस्क्यू नहीं किया गया था।
जितेंद्र हजारी के अनुसार, बैंडेड करैत बेहद जहरीला सांप है। इसके जहर में न्यूरोटॉक्सिक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करते हैं। गंभीर स्थिति में इसके काटने से सांस लेने वाली मांसपेशियां प्रभावित हो सकती हैं। यह सांप सामान्यतः शर्मीले स्वभाव का होता है और रात में शिकार की तलाश में निकलता है। इसके काटने की घटनाएं कम सामने आती हैं, लेकिन इसका खतरा गंभीर हो सकता है।
सर्प विशेषज्ञ ने लोगों से अपील की है कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें। पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं और चिकित्सकीय उपचार कराएं।



